यूपी में अब तक का सारा रिकॉर्ड टूटा, एक दिन में 12,787 नए पॉजिटिव, 48 लोगों की मौत


शुभम श्रीवास्तव

लखनऊ, 10 अपै्रल 2021 (दैनिक पालिग्राफ)। कोरोना की दूसरी लहर में अब तक का यूपी में सारा रिकॉर्ड टूट गया है। कोरोना के नए आंकड़ों ने अब डराना शुरू कर दिया है। कोरोना ने यूपी में संक्रमण का नया रिकार्ड बना दिया है। शनिवार को प्रदेश में रिकार्ड 12787 नए केस सामने आए।  शनिवार को प्रदेश में 48 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में संक्रमण इतनी तेज गति बढ़ रहा है कि इसकी रिकवरी रेट जो डेढ़ पूर्व 99 प्रतिशत के करीब पहुंच चुकी थी वह घटकर 90 प्रतिशत पर पहुंच गई है। यही स्थिति कुल सक्रिय केसों की है। मात्र एक माह के भीतर प्रदश में कुल सक्रिय केसों की संख्या 36 गुना अधिक बढ़ गई है।

बीते 10 मार्च को प्रदेश में कुल सक्रिये केसों की संख्या मात्र 1689 थी जो आज 10 अप्रैल को 58,801 पर पहुंच चुकी है। इस बीच अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में 2,12,213 सैम्पल टेस्ट किए गए हैं जो अब तक एक दिन में की गयी कोविड टेस्टिंग में सर्वाधिक है। इसमें भी करीब 93,000 सैम्पलों की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गई है। इस प्रकार से प्रदेश में अब तक 3,65,57,245 सैम्पल टेस्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 6,76,739 पाजिटिव केस हो चुके है। बीते एक दिन के दौरान कोरोना से ठीक होने के कारण 2207 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। इस तरह से प्रदेश में अब तक 6,08,853 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।

इन जिलों में हुई कोरोना से मौतें

शनिवार को प्रदेश में 48 लोगों की मौत हो गई। इसमें लखनऊ में 23, कानपुर नगर में 06, प्रयागराज में 02, वाराणसी में 02, मुजफ्फरनगर में 02, कुशीनगर में 02, मुरादाबाद में 01, बलिया में 01, अयोध्या में 01, मथुरा में 01, रायबरेली में 01, रामपुर में 01, गोण्डा में 01, सोनभद्र में 01, फर्रुखाबाद में 01, बांदा में 01 तथा पीलीभीत में 01 कोरोना मरीज की मृत्यु हो गई। 

अत्याधिक संक्रमण वाले जिले

जिले                संक्रमितों की संख्या

लखनऊ                 4059

प्रयागराज                1460

वाराणसी                 983

कानापुर नगर          706

गोरखपुर                  422

मेरठ                        236    

झांसी                       239

गौतमबुद्धनगर         221

बलिया                     188

जौनपुर                    186 

कोरोना की दूसरी लहर पर यूपी सरकार ने जताई चिंता

देश सहित प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर को लेकर प्रदेश सरकार ने चिंता जताई है। कोरोना संक्रमण के तेजी से हो रहे विस्तार को देखते हुए इससे निपटने के लिए सरकार दूनी ताकत से जुट गई है। प्रदेश भर में विभिन्न जिलों में वहां के बढ़ते मरीजों की जरूरतों को देखते हुए युद्धस्तर पर सारे इंतजाम शुरू कर दिए गए हैं। बेड से लेकर आक्सीजन, वेंटिलेटर व सूई एवं दवाओं के साथ-साथ डाक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी शुरू कर दी गई है। अब तक लेवल वन से लेवल थ्री तक के अस्पतालों में अधिकतम 1.51 लाख बेड की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ा करीब दो लाख तक किया जा रहा है।

बलरामपुर अस्पताल में कोरोना का कहर, चिकित्सा अधिकारी समेत सात पॉजिटिव

कोरोना की दूसरी लहर ने प्रदेश ही नहीं पूरे देश में अपने पैर फैला दिए हैं। यूपी के लखनऊ इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। कोरोना संक्रमण के चलते यूपी में अब तक का सारा रिकॉर्ड टूट चुका है। शनिवार को कोरोना के सबसे ज्यादा केस मिले हैं। यह आंकड़ा 12 हजार के पार पहुंच चुका है। वहीं बलरामपुर अस्पताल में भी कोरोना ने धावा बोल दिया है। बलरामपुर अस्पताल के डायरेक्टर, सीएमएस और अधीक्षक सहित सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डायरेक्टर को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। कोरोना संक्रमण के चलते अस्पताल की ओपीडी को बंद कर दिया गया है। बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके गुप्ता के मुताबिक पांच लोगों की कमेटी बना बनाई गई है, जो इन सभी चीजों को मॉनीटर कर रही हैं। वहीं संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए मरीजों को यहां आने से रोका गया है। इसी वजह से ओपीडी सेवा भी बंद कर दी गई है।

Comments