झाँसी : पर्यावरण प्रकल्प के सदस्यों ने तुलसी के पौधे किये वितरित एवं रोपित



शुभम श्रीवास्तव
झाँसी, 20 सितम्बर 2020 (दैनिक पालिग्राफ)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनुसांगिक शाखा पर्यावरण प्रकल्प के तत्वावधान में रविवार को जनपद झाँसी के मेंहदी बाग स्थित राम मंदिर में तुलसी के पौधे वितरित व रोपित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर प्रचारक अनुराग जी के द्वारा शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पौधारोपण किया गया।
संस्था के महानगर संयोजक के पंकज लवानिया ने बताया कि यह कार्यक्रम पर्यावरण प्रकल्प की टीम के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए हमें पौधा रोपण अवश्य करना चाहिए। यह आज के समय की मांग है। आज के समय में मनुष्य ने स्वार्थ में अंधा होकर पेड़ों को काट काट कर पर्यावरण को बहुत नुकसान पहुंचाया है। इसका खामियाजा हमें ही भुगतना पड़ रहा है। कहीं पर तो बरसात हो ही नहीं है और कहीं पर बाढ़ आ चुकी है। ऐसे में हम सभी का यह कर्तव्य बनता है कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हम जो भी संभव कदम उठा सकते हैं हमें उठाने चाहिए। हर व्यक्ति को इसमें सहयोग करना चाहिए।
वहीं, गरिमा गुप्ता ने तुलसी के पौधे की महत्ता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह पौधा सभी बीमारियों से मनुष्य को सुरक्षित रखता है एवं कोरोना काल में तुलसी का पौधा अति लाभदायक है। उन्होंने कहा कि तुलसी का पौधा बहुत ही गुणकारी होता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हम सभी को अपने अपने घरों में एक तुलसी का पौधा अवश्य लगाना चाहिए। तुलसी के पौधे को घर में लगाने से घर का वातावरण शुद्ध होता है एवं घर के सदस्य भी निरोगी रहते हैं।
पर्यावरण प्रकल्प से ब्रजेश गुप्ता ने कहा कि सभी लोगों को चाहिए कि इन पौधों को लगाएं भी और इनकी देखभाल भी करें। उन्होंने कहा कि मानव जीवन के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर प्रचारक अनुराग जी एवं पर्यावरण प्रकल्प से महानगर संयोजक पंकज लवानिया, एच. के. गुप्ता, मातृशक्ति प्रमुख गरिमा गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता (स्वयंसेवी संस्थान), सह सोशल मीडिया सम्पर्क प्रमुख शुभम श्रीवास्तव तथा अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


Comments