यूपी: कांग्रेस को बड़ा झटका राजकुमारी रत्ना सिंह बीजेपी में शामिल


सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिलाई सदस्यता'
प्रतापगढ़, 15 अक्टूबर (दैनिक पालिग्राफ)। प्रतापगढ़ की पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता राजकुमारी रत्ना सिंह बीजेपी में शामिल हो गई है। खास बात ये रही कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।प्रतापगढ़ में 21 अक्टूबर को उपचुनाव होने वाला है। प्रतापगढ़ के गढ़वारा में सीएम एक चुनावी जनसभा संबोधित करने पहुँचे थे। चुनावी जनसभा के मंच से ही रत्ना सिंह के बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की गई। इस मौके पर उनके पुत्र भुवन्यु सिंह भी मौजूद रहे। रत्ना सिंह के कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में जाने को पार्टी के गढ़ में बड़ी सेंध माना जा रहा है। सुल्तानपुर रायबरेली प्रतापगढ़ बेल्ट कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है पिछले कुछ महीने के दौरान सुल्तानपुर से संजय सिंह रायबरेली से दिनेश सिंह प्रतापगढ़ से रत्ना सिंह भाजपा के पाले में आ गए। ये तीनो नेता गांधी परिवार के बेहद करीबी रहे है। वही रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह के भी बीजेपी में जाने की चर्चा तेज हो गई है। बताते चलें कि राजकुमारी रत्ना सिंह प्रतापगढ़ संसदीय सीट से 1996, 1999 और 2009 में सांसद रह चुकी हैं। 2014 और 2019 में लगातार उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है. रत्ना सिंह पूर्व विदेश मंत्री राजा दिनेश सिंह की पुत्री हैं। राजा दिनेश सिंह प्रतापगढ़ से चार बार सांसद रहे हैं। रत्ना का परिवार शुरू से ही कांग्रेसी रहा है। इनके परिवार में रामपाल सिंह कांग्रेस के संस्थापक सदस्य थे और पिता राजा दिनेश सिंह इंदिरा गांधी सरकार में विदेश मंत्री रहे। दिनेश सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बहुत करीबी थे। इसके चलते नेहरू-गांधी परिवार उनको बहुत महत्व देता था।


Comments